महिला की ओर से चार पर मुकदमा दर्ज
पूरनपुर, पीलीभीत।
पूरनपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव सबलपुर में मामूली कहासुनी ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच हुए विवाद में एक दंपति पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया गया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर रात गांव सबलपुर में बृजपाल और कामता प्रसाद के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर कामता प्रसाद ने अपने साथी सत्यपाल, कृष्णपाल और अनीता के साथ मिलकर बृजपाल पर हमला कर दिया।हमलावरों ने लाठी-डंडों से मारपीट करते हुए उसके सिर पर डंडा मार दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।शोर सुनकर बचाने पहुंची उसकी पत्नी को भी आरोपियों ने नहीं बख्शा और उसके साथ भी मारपीट की। हमले में दंपति घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।घायलों को ग्राम प्रधान की मदद से उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पूरनपुर पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।कोतवाली पुलिस ने रूपम देवी की तहरीर पर कामता प्रसाद, सत्यपाल, कृष्णपाल और अनीता के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


