38 C
Lucknow
Monday, June 15, 2026

महंगाई, बेरोजगारी और किसानों के मुद्दों पर सपा का प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

Must read

 

पूरनपुर में सपा का शक्ति प्रदर्शन, जुलूस निकाल जनहित समस्याओं के समाधान की उठाई मांग

पूरनपुर, पीलीभीत।
समाजवादी पार्टी 129 विधानसभा पूरनपुर के तत्वावधान में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, किसानों, युवाओं, छात्रों और महिलाओं से जुड़े विभिन्न जनहित के मुद्दों को लेकर सोमवार को जुलूस निकालकर महामहिम राष्ट्रपति के नाम उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया। कार्यक्रम का नेतृत्व सपा जिलाध्यक्ष जगदेव सिंह “जग्गा” ने किया।कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय उपाध्यक्ष समाजवादी युवजन सभा एवं कार्यक्रम संयोजक राजकुमार “राजू” के कार्यालय से हुई। इसके बाद सपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक जुलूस के रूप में कोतवाली रोड होते हुए उपजिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष संजय सिंह यादव ने की।
ज्ञापन में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों पर नियंत्रण लगाने, किसानों को उचित मूल्य पर पर्याप्त यूरिया उपलब्ध कराने तथा खाद की कालाबाजारी पर रोक लगाने की मांग की गई। इसके अलावा आवारा पशुओं से फसलों को हो रहे नुकसान की रोकथाम और गन्ना किसानों के बकाया भुगतान को समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई गई।सपा नेताओं ने प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक होने की घटनाओं पर चिंता जताते हुए दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही विभिन्न विभागों में रिक्त सरकारी पदों पर शीघ्र भर्ती कर बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की बात कही।ज्ञापन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पूरनपुर को आधुनिक सुविधाओं और विशेषज्ञ चिकित्सकों से सुसज्जित करने, क्षेत्र में आधुनिक खेल स्टेडियम और पुस्तकालय की स्थापना, जर्जर सड़कों के निर्माण, पेयजल व्यवस्था में सुधार तथा निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग भी प्रमुखता से शामिल रही।इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि समाजवादी पार्टी किसानों, युवाओं, छात्रों, महिलाओं और समाज के कमजोर वर्गों की आवाज को मजबूती से उठाती रही है और जनहित के मुद्दों पर संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।ज्ञापन सौंपने के दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष उमाशंकर यादव, जिला उपाध्यक्ष पवन सिंह यादव, संजय खान, मीता सिंह, ओम शर्मा, मो. सरताज, नौशाद गाजी, सतीश वर्मा, भगवान दीन वर्मा, प्रशांत अवस्थी सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article