दुबई। संयुक्त अरब अमीरात के दुबई शहर में सोमवार को हुए भीषण सड़क हादसे में सात भारतीय मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि नौ अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब मजदूरों को लेकर जा रही एक मिनीबस एमिरेट्स रोड पर तकनीकी खराबी के कारण सड़क के बीच खड़े एक भारी ट्रक से पीछे से टकरा गई।
प्रारंभिक जांच के अनुसार ट्रक अचानक खराब होकर सड़क पर रुक गया था। इसी दौरान पीछे से आ रही मिनीबस के चालक ने सुरक्षित दूरी नहीं बनाए रखी और कथित रूप से ध्यान भटकने के कारण वह ट्रक को समय रहते नहीं देख सका। तेज रफ्तार मिनीबस सीधे ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मिनीबस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और मौके पर ही सात लोगों की मौत हो गई।
दुबई ट्रैफिक विभाग के अधिकारियों के अनुसार हादसे में नौ लोग घायल हुए हैं। इनमें पांच की हालत अत्यंत गंभीर बताई जा रही है, जबकि चार अन्य को मध्यम श्रेणी की चोटें आई हैं। सभी घायलों का विभिन्न अस्पतालों में उपचार चल रहा है।
दुबई स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई है। दूतावास के अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना तथा स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
उधर, दुबई पुलिस की दुर्घटना जांच टीम ने मामले की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को क्रेन की सहायता से हटाकर यातायात को सामान्य कर दिया गया है। हादसे के बाद भारतीय समुदाय में शोक की लहर दौड़ गई है।


