– ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय में हुआ वरिष्ठ नागरिक सम्मान समारोह
– बुजुर्गों को शॉल व ईश्वरीय भेंट देकर किया सम्मानित
फर्रुखाबाद। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय में रविवार, 20 सितंबर को वरिष्ठ नागरिक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। समारोह में बुजुर्गों के सम्मान के साथ उनके अनुभव, योगदान और समाज में उनकी भूमिका को रेखांकित किया गया।
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती वात्सल्य अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। वहीं बेंगलुरु से आए मंजूनाथ भाई जी ने मुख्य वक्ता के रूप में वरिष्ठ नागरिकों को संबोधित किया।
मंजूनाथ भाई ने कहा कि बुजुर्ग ‘ओल्ड’ नहीं बल्कि ‘गोल्ड’ हैं। वे समाज के सम्मानित और अनुभवी व्यक्तियों में शामिल हैं। जिस प्रकार पेड़ की छाया में आने वाली पीढ़ियां सुरक्षित रहती हैं और उसके फल का आनंद लेती हैं, उसी प्रकार बुजुर्ग परिवार और समाज के लिए एक बड़ी छत्रछाया हैं। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों को सदैव खुश और प्रसन्न रहने का प्रयास करना चाहिए, क्योंकि सकारात्मक और प्रसन्न जीवनशैली स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी होती है।
उन्होंने अपने संबोधन में ‘शुक्रिया’ और कृतज्ञता के महत्व को भी समझाया। उन्होंने कहा कि जीवन में हमें देने वाले प्रत्येक व्यक्ति और प्रकृति के प्रति आभार व्यक्त करना चाहिए। प्रकृति ने हमें पांच तत्वों से बना शरीर दिया है और शरीर का प्रत्येक अंग जीवन के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने शरीर की तुलना एक मोटर से करते हुए कहा कि इसमें बैठी आत्मा को भी अपने शरीर और उसके प्रत्येक अंग के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करनी चाहिए।
मंजूनाथ भाई ने कहा कि केवल शरीर ही नहीं, बल्कि उस परम सत्ता के प्रति भी हमें धन्यवाद और आभार व्यक्त करना चाहिए, जिसने जीवन और संसार की अनेक सुविधाएं प्रदान की हैं। उन्होंने कहा कि कृतज्ञता का भाव जीवन में खुशी, शांति और सकारात्मकता को बढ़ाने में सहायक होता है।
कार्यक्रम की प्रभारी बहन सुमन दीदी ने उपस्थित अतिथियों एवं वरिष्ठ नागरिकों का शब्दों के माध्यम से स्वागत और सम्मान किया। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों को ईश्वरीय भेंट भी प्रदान की।
मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती वात्सल्य अग्रवाल ने भी वरिष्ठ नागरिकों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए कहा कि बुजुर्गों का अनुभव परिवार और समाज के लिए अमूल्य है। उन्होंने सभी वरिष्ठ नागरिकों को शॉल ओढ़ाकर एवं विशेष भेंट देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम का मंच संचालन बहन मीरा ने किया। समारोह में राधिका बहन, रुचि बहन, गौरी बहन, चलजा बहन, गोविंद भाई, श्याम भाई, रविंद्र भाई, विजय भाई, दिनेश भाई सहित बड़ी संख्या में बीके भाई-बहन उपस्थित रहे।


