चौक सर्राफा के राजा को दी विदाई, मुस्लिम समाज के लोगों ने पुष्पवर्षा कर किया स्वागत
मोहम्मदाबाद। चौक सर्राफा में आयोजित 17वें श्री गणेश महोत्सव के समापन पर रविवार को गणपति बप्पा की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। गाजे-बाजे और भक्ति गीतों के बीच निकली शोभायात्रा से पूरा नगर भक्तिमय नजर आया।
सजे-धजे रथ पर विराजमान गणपति की प्रतिमा आकर्षण का केंद्र रही। श्रद्धालु ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे। शोभायात्रा नगर के विभिन्न मार्गों से होकर दुर्वासा ऋषि आश्रम स्थित श्रीगंगा तट के लिए रवाना हुई, जहां गणेश प्रतिमा का विधि-विधान से विसर्जन किया जाएगा।
शोभायात्रा का जगह-जगह नगरवासियों ने स्वागत किया। मुस्लिम समाज के मोहम्मद राशिद सिद्दीकी, मोहम्मद दीन शमीम गफ्फारी, इरफान मंसूरी, आसिफ गुड्डू मंसूरी और राजू गफ्फारी सहित अन्य लोगों ने पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया। इससे नगर में आपसी भाईचारे और सौहार्द की झलक देखने को मिली।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कार्यवाहक प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र मालिक, अपराध निरीक्षक मुन्ना लाल के साथ पुलिस बल तैनात रहा। कमेटी अध्यक्ष जितेंद्र स्वर्णकार, नरसिंह वर्मा, ब्रजेश दुबे, राजेश वर्मा, गोविंद वर्मा, भूरे पाल और विकास गुप्ता सहित कमेटी सदस्यों ने नगर पंचायत के नागरिकों और पुलिस बल का आभार जताया।


