लखनऊ। रविवार को उस समय हड़कंप मच गया जब भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ता श्याम चेतन तिवारी को गोली मार दी गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और दहशत फैल गई। घायल कार्यकर्ता को गंभीर हालत में ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है। घटना के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश देखने को मिला और मौके पर जमकर नारेबाजी हुई।
जानकारी के मुताबिक मामला लखनऊ के मेहंदीगंज इलाके का है, जहां पुरानी रंजिश को लेकर विवाद के बाद फायरिंग हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। गोली लगते ही श्याम चेतन तिवारी जमीन पर गिर पड़े, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की, जिसमें आरोपी की पहचान वैभव बाजपेई के रूप में हुई। पुलिस ने तेजी दिखाते हुए आरोपी वैभव बाजपेई को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। शुरुआती जांच में पुरानी रंजिश को घटना की वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
घटना के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने अस्पताल और घटनास्थल के बाहर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए। राजधानी में दिनदहाड़े भाजपा युवा मोर्चा कार्यकर्ता पर हुई फायरिंग ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में जल्द ही विस्तृत खुलासा किया जाएगा और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी जांच के दायरे में है। फिलहाल इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि किसी भी तनावपूर्ण स्थिति से निपटा जा सके।
भाजपा युवा मोर्चा कार्यकर्ता को मारी सरे बाजार गोली


