35 C
Lucknow
Tuesday, May 12, 2026

शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों पर पुलिस का बड़ा शिकंजा

Must read

– दो दिन में 2.65 करोड़ का जुर्माना

लखनऊ। शराब पीकर वाहन चलाने वालों और ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों के खिलाफ पुलिस ने बड़ा अभियान चलाया है। प्रदेश के डीजीपी Rajeev Krishna के निर्देश पर शुरू हुई इस विशेष कार्रवाई में महज दो दिनों के भीतर 2 करोड़ 65 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला गया।
पुलिस आंकड़ों के मुताबिक अभियान के दौरान 69,683 वाहनों की जांच की गई, जिनमें बड़ी संख्या में ऐसे चालक मिले जो शराब पीकर वाहन चला रहे थे या यातायात नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ा रहे थे। कार्रवाई के दौरान 2,654 वाहनों के चालान किए गए, जबकि कई वाहनों को सीज भी किया गया।
राजधानी के प्रमुख चौराहों, हाईवे, बाजारों और रात में भीड़भाड़ वाले इलाकों में देर रात तक चेकिंग अभियान चलता रहा। पुलिस टीमों ने ब्रेथ एनालाइजर मशीनों से चालकों की जांच की। कई वाहन चालक शराब के नशे में पाए गए, जिनके खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कड़ी कार्रवाई की गई।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शराब पीकर वाहन चलाना सड़क हादसों की बड़ी वजह बन चुका है। इसी को देखते हुए राजधानी में “जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत अभियान चलाया जा रहा है। बीते वर्षों में भी लखनऊ पुलिस लगातार विशेष चेकिंग अभियान चलाती रही है।
सूत्रों के अनुसार अभियान के दौरान कई ऐसे वाहन भी पकड़े गए जिनके दस्तावेज अधूरे थे, नंबर प्लेट नियमों के विपरीत थीं या चालक बिना हेलमेट और सीट बेल्ट के वाहन चला रहे थे। पुलिस ने साफ संकेत दिया है कि आने वाले दिनों में यह कार्रवाई और तेज होगी।
लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट का कहना है कि सड़क सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और अभियान लगातार जारी रहेगा।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article