डीएम–एसपी ने फरियादियों की समस्याएं सुनकर दिए सख्त निर्देश
फर्रुखाबाद| अमृतपुर तहसील परिसर में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी एवं पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने संयुक्त रूप से फरियादियों की समस्याएं सुनीं। समाधान दिवस में दूर-दराज के गांवों से आए बड़ी संख्या में नागरिकों ने अपनी-अपनी शिकायतें अधिकारियों के समक्ष रखीं।
कार्यक्रम के दौरान राजस्व, पुलिस, विकास, आपूर्ति, विद्युत, समाज कल्याण, स्वास्थ्य एवं नगर पंचायत से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं। कई मामलों में भूमि विवाद, कब्जा, राशन कार्ड, पेंशन, विद्युत आपूर्ति, आवास योजना एवं पुलिस से जुड़े प्रकरण प्रमुख रहे। जिलाधिकारी ने एक-एक शिकायत की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक निर्देश दिए।
जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सम्पूर्ण समाधान दिवस का उद्देश्य केवल शिकायतें सुनना नहीं, बल्कि उनका समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर लापरवाही, टालमटोल या अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने पुलिस से संबंधित मामलों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश देते हुए कहा कि जनसुनवाई में आए मामलों को गंभीरता से लिया जाए और पीड़ित को न्याय दिलाना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाए।
समाधान दिवस के दौरान कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष शिकायतों के लिए संबंधित विभागों को समयसीमा निर्धारित कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी, तहसीलदार, खंड विकास अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।






