31 C
Lucknow
Saturday, May 30, 2026

सलमान खान के पिता को धमकाने वाला हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार, खुद को बताता था छोटा शकील का गुर्गा

Must read

25 हजार का इनामी बदमाश लखनऊ में दबोचा गया, चेन लूट समेत 20 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज

लखनऊ पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। अभिनेता सलमान खान के पिता सलीम खान और उनके निजी सहायक (पीए) को फोन कर धमकी देने वाले कुख्यात हिस्ट्रीशीटर मोहम्मद शाहरुख को गाजीपुर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था और वह लंबे समय से पुलिस की निगरानी में था।

पुलिस के अनुसार प्रयागराज के शाहगंज निवासी शाहरुख खुद को अंडरवर्ल्ड डॉन छोटा शकील का करीबी और उसका गुर्गा बताकर लोगों में दहशत फैलाता था। उसके खिलाफ रंगदारी, हत्या के प्रयास, बमबाजी, लूट और अन्य गंभीर धाराओं में दो दर्जन के करीब मुकदमे दर्ज हैं।

गाजीपुर थाना प्रभारी राजेश मौर्या के मुताबिक, पुलिस टीम बृहस्पतिवार को बंधा रोड स्थित एक मजार के पास वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की एक संदिग्ध बाइक आती दिखाई दी। पुलिस ने उसे रुकने का संकेत दिया, लेकिन बाइक सवार भागने का प्रयास करने लगा। पीछा कर उसे पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से लूटी गई सोने की चेन और आठ हजार रुपये नकद बरामद किए गए।

पूछताछ में सामने आया कि तीन सप्ताह पहले आरोपी ने इंदिरानगर क्षेत्र में इरम स्कूल के पास एक महिला से चेन लूट की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस उसी मामले में भी उसकी तलाश कर रही थी।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार शाहरुख का आपराधिक इतिहास काफी लंबा है। उसके खिलाफ प्रयागराज के करेली, खुल्दाबाद, शाहगंज और धूमनगंज थानों में रंगदारी, हत्या के प्रयास, मारपीट और विस्फोटक पदार्थों से जुड़े कई मुकदमे दर्ज हैं। वर्ष 2018 में उसने अभिनेता सलमान खान के पिता सलीम खान और उनके पीए को फोन कर धमकी दी थी। इस मामले में मुंबई की बांद्रा पुलिस ने उसे गिरफ्तार भी किया था।

इसके अलावा वर्ष 2019 में उसने एक कारोबारी पर जानलेवा हमला किया था। पुलिस के मुताबिक वह कई बार गिरफ्तारी और पुलिस मुठभेड़ों के दौरान भी पकड़ा जा चुका है, लेकिन जेल से छूटने के बाद फिर आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय हो जाता था।

वर्ष 2023 में आरोपी एक वायरल ऑडियो और फोटो को लेकर भी चर्चा में आया था। कथित ऑडियो में वह माफिया अतीक अहमद के लिए जान देने और लेने जैसी बातें करता सुनाई दिया था। वहीं वायरल तस्वीर में वह कार में बैठकर खुलेआम रिवॉल्वर लहराते नजर आया था, जिसके बाद उसकी गतिविधियां फिर चर्चा में आ गई थीं।

पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और उसके आपराधिक नेटवर्क के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। अधिकारियों का मानना है कि उसकी गिरफ्तारी से कई पुराने मामलों के खुलासे होने की संभावना है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article