31 C
Lucknow
Saturday, May 30, 2026

गेहूं की फसल बर्बाद होने से आहत युवक ने खाया कीटनाशक, मौत से परिवार में मचा कोहराम

Must read

फर्रुखाबाद। बेमौसम बारिश किसानों पर भारी पड़ रही है। खेतों में तैयार खड़ी और कटाई के बाद रखी गई फसलें बारिश की भेंट चढ़ने से किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। इसी नुकसान से आहत एक किसान युवक ने कीटनाशक दवा का सेवन कर लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार थाना कंपिल क्षेत्र के गांव भागीपुर निवासी दूरबीन पुत्र नेपाल सिंह यादव की करीब 12 बीघा गेहूं की फसल बेमौसम बारिश के कारण भीगकर खराब हो गई थी। फसल बर्बाद होने से वह पिछले कई दिनों से मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। परिजनों के अनुसार गेहूं की फसल में हुए भारी नुकसान को लेकर वह लगातार चिंता में डूबा रहता था और आर्थिक संकट की आशंका उसे परेशान कर रही थी।
बताया गया कि इसी तनाव के चलते दूरबीन ने घर पर रखी कीटनाशक दवा का सेवन कर लिया। कुछ ही देर बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी। जब परिजनों को इसकी जानकारी हुई तो उनके होश उड़ गए। आनन-फानन में उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर बताई। काफी प्रयासों के बावजूद उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोग भी घटना से स्तब्ध हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इस वर्ष मौसम की मार ने किसानों की कमर तोड़ दी है। कई किसानों की फसलें खराब हुई हैं, जिससे वे आर्थिक और मानसिक रूप से परेशान हैं।
सूचना मिलने पर पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं ग्रामीणों और किसान संगठनों ने शासन-प्रशासन से प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा देने तथा उनके नुकसान का सर्वे कराकर राहत प्रदान करने की मांग की है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article