कोलकाता
पश्चिम बंगाल में सरकार गठन को लेकर जारी सियासी हलचल के बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी की मुलाकात ने राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है। कोलकाता में भाजपा विधायक दल की अहम बैठक से पहले दोनों नेता एक ही गाड़ी में होटल पहुंचे, जिसे लेकर राजनीतिक मायने निकाले जा रहे हैं। होटल पहुंचने के दौरान अमित शाह ने शुभेंदु अधिकारी की पीठ थपथपाकर उनका अभिवादन किया। इस दृश्य को भाजपा नेताओं के बीच मजबूत तालमेल और भरोसे के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार को कोलकाता पहुंचे, जहां एयरपोर्ट पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इसके बाद अमित शाह सीधे दक्षिनेश्वर काली टेम्पल पहुंचे और मां काली के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। मंदिर में पूजा के बाद वे भाजपा की रणनीतिक बैठक में शामिल होने के लिए शहर के एक होटल रवाना हुए। इस दौरान शुभेंदु अधिकारी समेत कई वरिष्ठ भाजपा नेता उनके साथ मौजूद रहे।
भाजपा की विधायक दल की यह बैठक पश्चिम बंगाल की राजनीति के लिए बेहद अहम मानी जा रही है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक बैठक में मुख्यमंत्री पद के चेहरे, सरकार गठन की रणनीति और आगामी राजनीतिक समीकरणों पर चर्चा की जा रही है। भाजपा नेताओं का दावा है कि राज्य में अब विकास और सुशासन की नई शुरुआत होगी।
भाजपा विधायक पूर्णिमा चक्रवर्ती ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बंगाल अब विकास की राह पर आगे बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि जनता ने तृणमूल कांग्रेस को नकार दिया है और अब राज्य में शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग और महिलाओं की सुरक्षा के क्षेत्र में नई सरकार काम करेगी।
वहीं विपक्ष लगातार भाजपा पर लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करने के आरोप लगा रहा है। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने पश्चिम बंगाल चुनाव को लेकर भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि लोगों ने दबाव में मतदान किया। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान भारी सुरक्षा बलों की तैनाती से लोकतांत्रिक प्रक्रिया प्रभावित हुई।
इधर बंगाल में भाजपा के शपथ ग्रहण समारोह को लेकर भी तैयारियां तेज हो गई हैं। कोलकाता के ब्रिगेड ग्राउंड को भव्य तरीके से सजाया जा रहा है। पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है और भाजपा इसे बंगाल की राजनीति में ऐतिहासिक बदलाव के रूप में पेश कर रही है।


