कमालगंज संवाददाता ।
जनपद में आवारा जानवरों के कारण होने वाले सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। कमालगंज थाना क्षेत्र में शनिवार को एक ऐसा ही हादसा सामने आया, जहां अचानक सड़क पर आए बंदर को बचाने के प्रयास में एक बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसा कमालगंज थाना क्षेत्र के गांव हांजी नगला स्थित बुलबुल कोल्ड स्टोरेज के पास का है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक एक युवक बाइक से गुजर रहा था, तभी सड़क पर अचानक बंदरों का झुंड आ गया। एक बंदर को बचाने के लिए युवक ने ब्रेक लगाया, जिससे बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिर पड़ा।
गिरने से युवक को गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ लग गई।
स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत 108 एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस की मदद से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कमालगंज पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे भर्ती कर प्राथमिक उपचार शुरू किया।
सूचना के अनुसार घायल युवक की अभी तक शिनाख्त नहीं हो सकी है। वह कहां का रहने वाला है, इसकी भी पुष्टि नहीं हुई है। अस्पताल प्रशासन और स्थानीय पुलिस उसकी पहचान कराने के प्रयास में जुटी है।
हांजी नगला मार्ग पर यह कोई पहला मामला नहीं है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि खुदागंज – कमालगंज मार्ग पर बंदरों के झुंड अक्सर सड़क पर आ जाते हैं। इससे वाहन चालकों को हमेशा दुर्घटना का अंदेशा बना रहता है। कई बार बंदरों को बचाने के चक्कर में चालक हादसे का शिकार हो चुके हैं।
फिलहाल पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया है और लोगों से अपील की है कि इस मार्ग पर वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतें।


