– डकैती, लूट, चोरी और छिनैती की घटनाओं ने बढ़ाई पुलिस की चुनौती,
– बीकेटी और महिंगवा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
लखनऊ। राजधानी के बीकेटी और महिंगवा क्षेत्र में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पिछले 23 दिनों के भीतर डकैती, चोरी, छिनैती और लूट की पांच बड़ी घटनाओं ने स्थानीय लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल पैदा कर दिया है। लगातार हो रही वारदातों से क्षेत्र में अपराधियों के हौसले बुलंद दिखाई दे रहे हैं।
अपराध की शुरुआत 20 मई को हुई, जब महिंगवा क्षेत्र स्थित एक पेट्रोल पंप पर बदमाशों ने धावा बोलकर डकैती की वारदात को अंजाम दिया। इस घटना के बाद भी अपराधियों का दुस्साहस कम नहीं हुआ और सिलसिलेवार तरीके से वारदातें सामने आती रहीं।
8 जून को प्रसिद्ध मां चंद्रिका देवी मंदिर परिसर में चोरी की घटना ने श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को चौंका दिया। धार्मिक स्थल तक अपराधियों की पहुंच ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगा दिए।
इसके अगले ही दिन 9 जून को बदमाशों ने एक महिला को निशाना बनाते हुए उसकी चेन छीन ली। इसी दिन दरियापुर गांव में चोरी की एक अन्य घटना सामने आई, जिससे क्षेत्र में दहशत और बढ़ गई।
अपराधियों के हौसले का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि 11 जून को बदमाशों ने कार सवार लोगों पर फायरिंग कर लगभग पांच लाख रुपये की लूट को अंजाम दे डाला। गोलीबारी के साथ हुई इस वारदात ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी और लोगों को अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता में डाल दिया।
लगातार सामने आ रही घटनाओं से स्थानीय लोगों में आक्रोश है। लोगों का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से उनका मनोबल बढ़ रहा है। क्षेत्रवासियों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।


