– डीजी स्तर पर इम्पैनलमेंट सूची में कई बड़े नाम
– यूपी के डीजीपी राजीव कृष्णा, समेत कई वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों को मिली बड़ी जिम्मेदारियों की राह
नई दिल्ली/लखनऊ। केंद्र सरकार में डीजी और डीजी समकक्ष पदों पर नियुक्ति के लिए वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के इम्पैनलमेंट की प्रक्रिया पूरी हो गई है। जारी सूची में उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड कैडर के कई वरिष्ठ अधिकारियों के नाम शामिल होने से प्रशासनिक और पुलिस महकमे में चर्चा तेज हो गई है।
इम्पैनलमेंट सूची में उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कृष्णा का नाम प्रमुखता से शामिल है। इसके अलावा लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट के पुलिस आयुक्त अमरेंद्र कुमार सेंगर, एडीजी कानपुर जोन अनुपम कुलश्रेष्ठ, वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी अशोक सिंह और विजय भाटिया को भी केंद्र में डीजी अथवा डीजी समकक्ष पदों के लिए इम्पैनल किया गया है।
उत्तराखंड के पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ का नाम भी सूची में शामिल है। केंद्र सरकार में डीजी स्तर पर इम्पैनलमेंट को किसी भी आईपीएस अधिकारी के करियर की महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जाता है, क्योंकि इसके बाद संबंधित अधिकारियों के लिए केंद्रीय सुरक्षा बलों, जांच एजेंसियों और विभिन्न राष्ट्रीय संस्थानों में शीर्ष पदों पर नियुक्ति का रास्ता खुल जाता है।
प्रशासनिक जानकारों के अनुसार यह इम्पैनलमेंट अधिकारियों की सेवा अवधि, कार्य प्रदर्शन, नेतृत्व क्षमता और प्रशासनिक अनुभव के व्यापक मूल्यांकन के बाद किया जाता है। सूची में शामिल अधिकारियों को भविष्य में केंद्र सरकार के विभिन्न महत्वपूर्ण विभागों और सुरक्षा संगठनों में बड़ी जिम्मेदारियां मिल सकती हैं।
उत्तर प्रदेश कैडर के कई वरिष्ठ अधिकारियों के एक साथ इम्पैनल होने को प्रदेश के लिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इससे केंद्र में यूपी कैडर की प्रशासनिक उपस्थिति और प्रभाव और मजबूत होने की संभावना जताई जा रही है।


