– मुख्य आरोपी बनाने की तैयारी तेज
अयोध्या। राम मंदिर के रामधन गबन प्रकरण में जांच तेजी से आगे बढ़ रही है। मामले में गिरफ्तार अविनाश शुक्ला को अदालत से 24 घंटे की पुलिस रिमांड मिलने के बाद पूछताछ के लिए प्रतापगढ़ ले जाया गया है। पुलिस को उम्मीद है कि रिमांड के दौरान गबन से जुड़े कई अहम राज सामने आ सकते हैं।
जांच में अब अविनाश शुक्ला की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण मानी जा रही है। गिरफ्तारी के बाद अदालत में दाखिल फर्द बरामदगी के अनुसार उसके कब्जे से 20 लाख रुपये नकद, 1121 अमेरिकी डॉलर और आभूषण बरामद किए गए हैं। सबसे अधिक नकदी और विदेशी मुद्रा की बरामदगी के बाद पुलिस का फोकस अब उसी पर केंद्रित हो गया है और उसे मुख्य आरोपी बनाए जाने की संभावना जताई जा रही है।
गौरतलब है कि इस मामले में दर्ज एफआईआर में आठ कर्मचारियों और एक अज्ञात व्यक्ति को नामजद किया गया था, लेकिन अब तक किसी को मुख्य आरोपी घोषित नहीं किया गया था। अब रिमांड के दौरान पुलिस धन के स्रोत, कथित गबन की पूरी श्रृंखला और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की गहन पड़ताल करेगी।


