फर्रुखाबाद ब्यूरो
विकास खंड कमालगंज के ग्राम पंचायत आलूपुर के मजरा इकडरिया में पेयजल पानी की टंकी और करीब 15 परिवारों के आवागमन का रास्ता कथित रूप से अवरुद्ध किए जाने की शिकायत को लेकर ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी डॉ.अंकुर लाठर से मुलाकात की। भाजपा नेता शैलेन्द्र राजपूत के नेतृत्व में पहुंचे ग्रामीणों ने डीएम को शिकायती पत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग की। डीएम ने ग्रामीणों को मामले में कार्रवाई का भरोसा दिया।शिकायती पत्र में ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इकडरिया गांव में पेयजल पानी की टंकी तथा लगभग 15 परिवारों के घर जाने का रास्ता करीब 50 वर्षों से चला आ रहा है।इस रास्ते से ग्रामीणों का दिन-रात आवागमन होता है। आरोप है कि ग्राम प्रधान कृपाल सिंह तथा उनके चचेरे भाई लज्जाराम, रामकिशन,राजकुमार आदि द्वारा 4 अक्टूबर को रास्ते पर दीवार बनाकर पक्का निर्माण कराया जा रहा है,जिससे रास्ता बंद हो रहा है।ग्रामीणों का कहना है कि रास्ता बंद होने से उन्हें आवागमन के साथ ही पेयजल पानी की टंकी तक पहुंचने में परेशानी का सामना करना पड़ेगा।शिकायती पत्र में यह भी बताया गया कि रास्ते के चारों तरफ नाला और कृषि भूमि है तथा आने-जाने के लिए कोई दूसरा रास्ता नहीं है।ग्रामीणों ने डीएम से मांग की कि कथित अवैध निर्माण एवं रास्ता बंद करने की कार्रवाही को तत्काल रुकवाकर पेयजल टंकी तथा ग्रामीणों के आवागमन का रास्ता बहाल कराया जाए। इस दौरान ग्रामीणों ने मामले में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने की मांग की।
पेयजल टंकी व 15 परिवारों का रास्ता बंद करने की शिकायत,डीएम से मिले ग्रामीण


