फर्रुखाबाद। गुरुवार को नगर में शिव शक्ति अखाड़ा के संस्थापक महंत मधुराम शरण शिवाजी महाराज का आगमन हुआ। उनके नेतृत्व में आयोजित बैठक में संगठन की गतिविधियों एवं आगामी नवदुर्गा महोत्सव की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान विभिन्न कार्यकर्ताओं को अलग-अलग क्षेत्रों की जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
बैठक को संबोधित करते हुए महंत मधुराम शरण शिवाजी महाराज ने कहा कि नवदुर्गा के अवसर पर धार्मिक आयोजनों को भव्य एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभानी होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से समाज में धार्मिक जागरूकता बढ़ाने का आह्वान करते हुए कहा कि हिंदू समाज को संगठित, साहसी और आत्मरक्षा के प्रति जागरूक होना चाहिए।
उन्होंने संगठन की भावी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा करते हुए विभिन्न क्षेत्रों के लिए पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपीं। बैठक में उपस्थित कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें सौंपे गए दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम में विमलेश मिश्रा, विशाल, प्रदीप राठौर, शिवम दुबे, सचिन शर्मा, रोहित, सिद्धांत, साहिल मिश्रा, नूतन सहित करीब एक सैकड़ा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक के अंत में सभी ने संगठन को मजबूत बनाने और आगामी धार्मिक आयोजनों को सफल बनाने का संकल्प लिया।
शिव शक्ति अखाड़ा की बैठक में कार्यकर्ताओं को सौंपी गई जिम्मेदारियां, नवदुर्गा की तैयारियों पर हुआ मंथन


