32 C
Lucknow
Saturday, May 9, 2026

घाटों पर नाविकों, गोताखोरों और पुजारियों के पंजीकरण अभियान की शुरुआत

Must read

जिला गंगा समिति की पहल, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने पर जोर

नावों पर अनिवार्य होगी लाइफ जैकेट, नियम उल्लंघन पर होगी कार्रवाई

फर्रुखाबाद। जिला गंगा समिति के तत्वावधान में जनपद के घाटों पर नाविकों, गोताखोरों, पंडित-पुजारियों एवं दुकानदारों के पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर के निर्देश पर घाट संचालन समिति का गठन किया गया है, जिसके माध्यम से घाटों पर कार्य करने वाले सभी लोगों का पंजीकरण कराया जा रहा है।

अभियान के दौरान समिति के सदस्यों ने घाटों पर पहुंचकर नाविकों, गोताखोरों, दुकानदारों और पंडित-पुजारियों को पंजीकरण से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा सभी को अनिवार्य रूप से पंजीकरण कराने की जानकारी दी। इस दौरान कई नाविकों, दुकानदारों, गोताखोरों और पुजारियों ने अपना पंजीकरण भी कराया।

जिला गंगा समिति की जिला परियोजना अधिकारी निहारिका पटेल ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशानुसार घाटों पर कार्य करने वाले सभी लोगों का पंजीकरण अनिवार्य किया गया है। उन्होंने कहा कि सभी को निर्धारित नियमों का पालन करना होगा और सत्यापन के बाद ही पंजीकरण मान्य माना जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ प्रशासन द्वारा दंडात्मक कार्रवाई भी की जाएगी।

उन्होंने बताया कि पंजीकरण के बाद सभी संबंधित लोगों को पंजीकरण संख्या और पहचान पत्र उपलब्ध कराया जाएगा। इसके साथ ही घाटों पर गोताखोरों के नाम और मोबाइल नंबर अंकित किए जाएंगे ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल उनसे संपर्क किया जा सके।

निहारिका पटेल ने जानकारी दी कि नाविकों की सभी नावों पर नाविक का नाम, मोबाइल नंबर और क्रमांक संख्या अंकित कराई जाएगी। साथ ही प्रत्येक नाव पर लाइफ जैकेट रखना अनिवार्य किया गया है। पंजीकरण के बाद कई नावों पर लाइफ जैकेट रखवाई गईं तथा अन्य नाविकों को भी सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि पूर्व में कई जिलों में नाव पलटने जैसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं। ऐसे में नाव संचालन के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन बेहद जरूरी है। सभी नाविकों को सावधानीपूर्वक नाव चलाने और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

जिला परियोजना अधिकारी ने बताया कि अब तक 24 नाविक अपना पंजीकरण करा चुके हैं। पंजीकरण अभियान लगातार जारी रहेगा और जल्द ही शेष लोगों का भी पंजीकरण पूर्ण कराया जाएगा। इस अवसर पर एडीओ पंचायत ओम पांडेय, पंचायत सचिव अशोक कुमार सहित अन्य कर्मचारी एवं ग्रामीण मौजूद रहे।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article