फर्रुखाबाद। जिला बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की छात्राओं के शैक्षिक उन्नयन और व्यक्तित्व विकास के उद्देश्य से आयोजित एक्सपोजर विजिट कार्यक्रम के अंतर्गत बुधवार को छात्राओं से भरी बसों को कलेक्ट्रेट परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित सांसद मुकेश राजपूत ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस प्रकार के शैक्षिक भ्रमण से छात्राओं को नई जानकारियां मिलती हैं, उनका आत्मविश्वास बढ़ता है और वे समाज व देश के विकास में अपनी भूमिका को बेहतर ढंग से समझ पाती हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार बालिकाओं की शिक्षा को लेकर प्रतिबद्ध है और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय जैसी योजनाएं ग्रामीण व आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की छात्राओं को आगे बढ़ने का सशक्त माध्यम प्रदान कर रही हैं। सांसद ने छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।इस अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. आशुतोष कुमार द्विवेदी, मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़ तथा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विश्वनाथ प्रताप सिंह सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने छात्राओं को सुरक्षित एवं अनुशासित ढंग से भ्रमण कार्यक्रम में भाग लेने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम के दौरान कलेक्ट्रेट परिसर में उत्साह का माहौल देखने को मिला। छात्राएं भी भ्रमण को लेकर काफी उत्साहित नजर आईं। शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि एक्सपोजर विजिट के माध्यम से छात्राओं को विभिन्न शैक्षणिक, ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक स्थलों का अवलोकन कराया जाएगा, जिससे उनके ज्ञानवर्धन के साथ-साथ उनके सर्वांगीण विकास होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here