38 C
Lucknow
Wednesday, April 15, 2026

संदिग्ध परिस्थितियों में छप्पर में भीषण आग, गृहस्थी राख; लेखपाल से संपर्क न होने पर बढ़ी पीड़ा

Must read

फर्रुखाबाद (नवाबगंज)
नवाबगंज थाना क्षेत्र के गांव कक्योली के नगला बदकनी में बीती रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब गांव निवासी सोनेलाल पुत्र कोमल प्रसाद सगर के छप्पर में अचानक संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। देर रात लगी आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया और पूरा छप्पर उसकी चपेट में आ गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए शोर मचाकर लोगों को इकट्ठा किया और बाल्टी, पानी व अन्य संसाधनों के सहारे आग बुझाने में जुट गए। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, जिससे आग आसपास के अन्य छप्परों और मकानों तक फैलने से बच गई और बड़ा हादसा टल गया।
हालांकि तब तक छप्पर में रखा सारा सामान जलकर राख हो चुका था। पीड़ित परिवार के मुताबिक आग में अनाज, कपड़े, बिस्तर, बर्तन सहित रोजमर्रा की सभी जरूरी वस्तुएं नष्ट हो गईं, जिससे उनके सामने जीवनयापन का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
घटना के बाद पीड़ित द्वारा राजस्व विभाग को सूचना देने के लिए क्षेत्रीय लेखपाल से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका मोबाइल स्विच ऑफ मिला। मजबूर होकर पीड़ित ने सीएम हेल्पलाइन नंबर 1076 पर शिकायत दर्ज कराई, जिसके बावजूद तत्काल राहत मिलने में देरी से परिवार की परेशानी और बढ़ गई।
ग्रामीणों ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि ऐसी आपात स्थिति में जिम्मेदार अधिकारियों का संपर्क में न रहना गंभीर लापरवाही है। ग्रामीणों ने मांग की है कि पीड़ित परिवार को शीघ्र आर्थिक सहायता व राहत सामग्री उपलब्ध कराई जाए और आग लगने के कारणों की जांच कर दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाए।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article