41.7 C
Lucknow
Sunday, June 14, 2026

डॉ. रजनी सरीन को पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने दी श्रद्धांजलि

Must read

– विश्वास गुप्ता नें लोहाई रोड का नामकरण उनके नाम पर करने का रखा प्रस्ताव
– मंत्री नें जताई सहमति, बोले नगर पालिका से प्रस्ताव को डीएम से बोलेंगे

फर्रुखाबाद। प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री तथा जनपद के प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने शनिवार को लोहाई रोड पहुंचकर दिवंगत चिकित्सक डॉ. रजनी सरीन को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान शहर के गणमान्य नागरिकों, चिकित्सकों एवं जनप्रतिनिधियों ने भी उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके सामाजिक और चिकित्सकीय योगदान को याद किया।

श्रद्धांजलि सभा के दौरान समाजसेवी विश्वास गुप्ता ने एक महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखते हुए लोहाई रोड का नामकरण डॉ. रजनी सरीन के नाम पर किए जाने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि डॉ. रजनी सरीन ने चिकित्सा सेवा के क्षेत्र में लंबे समय तक जनपदवासियों की सेवा की है और उनके योगदान को स्थायी सम्मान दिया जाना चाहिए।

इस प्रस्ताव पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि यदि नगर पालिका परिषद की ओर से विधिवत प्रस्ताव पारित कर भेजा जाता है तो जिला प्रशासन आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर शासन को प्रस्ताव अग्रसारित कर सकता है। उन्होंने जिलाधिकारी से भी इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई और प्रस्ताव तैयार कराने की बात कही।

मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि समाज के लिए उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यक्तित्वों को सम्मानित करना नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत होता है। डॉ. रजनी सरीन ने अपने जीवन को चिकित्सा सेवा और जनकल्याण के लिए समर्पित किया, जिसे सदैव याद रखा जाएगा।

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद्र राजपूत, डॉ. रजनी सरीन के पुत्र डॉ. अंकित सरीन, पुत्रियां पायल सरीन एवं कोयल सरीन सहित बड़ी संख्या में शुभचिंतक, चिकित्सक और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने डॉ. रजनी सरीन के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को स्मरण करते हुए उन्हें जनपद की चिकित्सा जगत की एक महत्वपूर्ण पहचान बताया। कार्यक्रम का माहौल भावुक रहा और उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article