– कवि डॉ. शिवओम अंबर की अध्यक्षता में सजी साहित्यिक महफिल
फर्रुखाबाद। लोहाई रोड स्थित राधा श्याम शक्ति मंदिर रविवार की शाम साहित्य, संस्कृति और काव्य रस से सराबोर नजर आया, जब नगर की प्रतिष्ठित साहित्यिक संस्था “दीप” के तत्वावधान में भव्य काव्य गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन नगर के वरिष्ठ समाजसेवी एवं सशक्त साहित्यिक हस्ताक्षर सुरेंद्र कुमार सफ़्फ़ड के संयोजन में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्र प्रख्यात कवि डॉ. शिवओम अंबर ने की।
काव्य गोष्ठी में नगर के चुनिंदा कवियों और साहित्यकारों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम में देशभक्ति, सामाजिक सरोकार, श्रृंगार, व्यंग्य और संवेदनाओं से ओतप्रोत कविताओं की रसधारा देर शाम तक बहती रही। श्रोताओं ने तालियों की गूंज के साथ कवियों का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर उपकारी जी, वी.के. सिंह , सुप्रसिद्ध कवित्री गरिमा पांडेय “लेखनी”, श्रीमती प्रीति पवन तिवारी, उपकर मणि, उत्कर्ष अग्निहोत्री एवं वैभव सोमवंशी जैसे साहित्यिक हस्ताक्षरों की उपस्थिति रही। सभी कवियों ने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे डॉ. शिवओम अंबर ने कहा कि साहित्य समाज को दिशा देने का सबसे प्रभावशाली माध्यम है। उन्होंने कहा कि कविता केवल शब्दों का खेल नहीं बल्कि समाज की चेतना और संवेदनाओं की अभिव्यक्ति होती है। उन्होंने फर्रुखाबाद की साहित्यिक परंपरा की सराहना करते हुए कहा कि यह नगर हमेशा से साहित्य और संस्कृति की मजबूत धरती रहा है।
कार्यक्रम के अंत में दीप संस्थाध्यक्ष निमिष टंडन ने सभी अतिथियों, कवियों और श्रोताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि साहित्यिक गतिविधियां समाज में सकारात्मक चेतना का संचार करती हैं और नई पीढ़ी को संस्कृति से जोड़ने का कार्य करती हैं।


