तोड़ दी पीआरवी, पुलिसकर्मियों की फाड़ दी वर्दी
आगरा। फतेहाबाद क्षेत्र के ख्वासपुरा गांव में सड़क हादसे में युवक की मौत के बाद ग्रामीणों का गुस्सा इस कदर भड़क उठा कि पूरा इलाका रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। मृतक के परिजन और ग्रामीण शव को सड़क पर रखकर न्याय की मांग कर रहे थे। पुलिस द्वारा शव हटाने का प्रयास होते ही उग्र भीड़ ने पुलिस टीम पर चारों ओर से पथराव शुरू कर दिया।
करीब 15 मिनट तक चले बेकाबू पथराव में 11 पुलिसकर्मी घायल हो गए। कई जवानों के सिर फट गए और उन्हें तत्काल अस्पताल भेजना पड़ा। हालात इतने बिगड़ गए कि अतिरिक्त पुलिस बल और वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर दौड़ना पड़ा।
घटना से कुछ देर पहले प्रदेश के मत्स्य पालन मंत्री डॉ. संजय निषाद भी मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने परिजनों और ग्रामीणों को समझाकर जाम समाप्त कराने की कोशिश की, लेकिन लोग नहीं माने। मंत्री के लौटते ही माहौल और उग्र हो गया तथा पुलिस के खिलाफ हिंसक विरोध शुरू हो गया।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र को पुलिस छावनी में बदल दिया गया है। पुलिस वीडियो फुटेज के आधार पर उपद्रवियों की पहचान कर रही है और गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। एक युवक की मौत से शुरू हुआ विवाद कानून-व्यवस्था के लिए बड़ी चुनौती बन गया है।


