लखनऊ।समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के भाई प्रतीक यादव की अचानक हुई मौत ने राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज कर दी है। घटना के बाद अब सवाल भी उठने लगे हैं। कमलापति ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि “आखिर मौत कैसे हुई, इसकी सच्चाई जनता के सामने आनी चाहिए।”
सपा सचिव कमलापति ने कहा कि प्रतीक यादव की मौत ने कई तरह की चर्चाओं को जन्म दे दिया है। ऐसे में पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच बेहद जरूरी है ताकि किसी तरह की अफवाहों पर विराम लग सके। उन्होंने यह भी कहा कि यदि मामला सामान्य नहीं है तो प्रशासन को हर पहलू की गंभीरता से जांच करनी चाहिए।
राजनीतिक गलियारों में इस घटना को लेकर अलग-अलग चर्चाएं चल रही हैं। सोशल मीडिया पर भी लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर अचानक ऐसी क्या परिस्थितियां बनीं, जिनमें प्रतीक यादव की जान चली गई। हालांकि अभी तक परिवार या प्रशासन की ओर से मौत के कारणों पर कोई विस्तृत आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
सूत्रों के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं। पुलिस और प्रशासन फिलहाल पूरे मामले को संवेदनशील मानते हुए सतर्कता बरत रहे हैं। वहीं सपा कार्यकर्ताओं में शोक के साथ-साथ बेचैनी का माहौल बना हुआ है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि प्रदेश की बड़ी राजनीतिक हस्तियों से जुड़े मामलों में पारदर्शिता बेहद जरूरी होती है, क्योंकि छोटी सी चूक भी बड़े विवाद का रूप ले सकती है। ऐसे में अब सबकी निगाहें पोस्टमार्टम रिपोर्ट और प्रशासनिक जांच पर टिक गई हैं।
“प्रतीक की मौत कैसे हुई, सच सामने आना चाहिए…” सपा सचिव कमलापति ने उठाई जांच की मांग


