नगेकोइल: तमिलनाडु के नगेकोइल (Nagercoil) के पास एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर (Social media influencer) के घर बड़ी चोरी का मामला सामने आया है। चोर करीब 1 करोड़ रुपये के सोने-हीरे के गहने और नकदी लेकर फरार हो गए। पुलिस अब सोशल मीडिया पोस्ट और रील्स के जरिए भी इस चोरी की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। पुलिस के मुताबिक, इन्फ्लुएंसर मधुप्रीता और उनके व्यापारी पति विनोद कुमार 24 सितंबर की शाम अपनी दो साल की बेटी के साथ कपड़े खरीदने तिरुनेलवेली गए थे। रात करीब 12 बजे जब परिवार वापस लौटा तो मुख्य दरवाजा नहीं खुला।
विनोद कुमार ने घर के पीछे जाकर देखा तो पिछले दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। अंदर पहुंचने पर बेडरूम का सामान बिखरा मिला और अलमारी खुली हुई थी। जांच में पता चला कि चोर एक सूटकेस में रखे 900 ग्राम से अधिक सोने और हीरे के गहने तथा करीब 50 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। मामले की जांच के दौरान पुलिस सोशल मीडिया एंगल को भी खंगाल रही है।
मधुप्रीता के यूट्यूब पर 41 हजार से ज्यादा फॉलोअर्स बताए जा रहे हैं। वह अपने वीडियो और रील्स में अक्सर महंगे सोने के गहने, खरीदारी और घर में रखी नकदी से जुड़ी झलकियां साझा करती थीं। एक वीडियो में वह अपनी बेटी को नकदी देते हुए भी नजर आई थीं। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या इन पोस्ट से किसी को परिवार की संपत्ति और दिनचर्या की जानकारी मिली थी।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या इन्फ्लुएंसर द्वारा ज्वैलरी स्टोर, खरीदारी और घर से बाहर जाने की योजनाओं से जुड़ी जानकारी सोशल मीडिया पर साझा करने का चोरी से कोई संबंध था। हालांकि, अभी तक यह आधिकारिक रूप से पुष्टि नहीं हुई है कि चोरों ने सोशल मीडिया पोस्ट देखकर वारदात को अंजाम दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक ने घटनास्थल का दौरा किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पांच विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया है और जांच जारी है।


