– मंत्री दयाशंकर दयालु के आवास का घेराव
लखनऊ। आयुर्वेदिक फार्मासिस्ट भर्ती प्रक्रिया में लगातार हो रही देरी के खिलाफ अभ्यर्थियों का आक्रोश खुलकर सामने आ गया। भर्ती परीक्षा की तिथि घोषित किए जाने की मांग को लेकर बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने राज्य मंत्री दयाशंकर दयालु के आवास का घेराव कर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों का आरोप है कि भर्ती प्रक्रिया लंबे समय से लंबित पड़ी है, लेकिन अब तक परीक्षा की तिथि घोषित नहीं की गई है। इससे हजारों अभ्यर्थियों का भविष्य अधर में लटक गया है। अभ्यर्थियों का कहना है कि उन्होंने वर्षों की तैयारी की है, लेकिन सरकार और संबंधित विभाग की ओर से स्पष्ट समय-सीमा नहीं बताई जा रही।
प्रदर्शन के दौरान अभ्यर्थियों ने भर्ती परीक्षा की तिथि जल्द घोषित करने और भर्ती प्रक्रिया को निर्धारित समय में पूरा कराने की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि लगातार देरी से युवाओं में निराशा बढ़ रही है और रोजगार की उम्मीद लगाए बैठे अभ्यर्थियों को मानसिक व आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
मंत्री आवास के बाहर प्रदर्शन की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया और उनकी मांगों को शासन तक पहुंचाने का आश्वासन दिया।
अभ्यर्थियों का कहना है कि जब भर्ती का विज्ञापन जारी हो चुका है तो परीक्षा कार्यक्रम घोषित करने में इतनी देरी क्यों हो रही है? उनका आरोप है कि समय पर भर्ती पूरी न होने से युवाओं की उम्र और करियर दोनों प्रभावित हो रहे हैं।


