32.6 C
Lucknow
Wednesday, July 29, 2026

थाना कमालगंज क्षेत्र में जमीन के विवाद को लेकर हुई हत्या की घटना का पुलिस ने 24 घंटे के अंदर खुलासा

Must read

कमालगंज: थाना कमालगंज क्षेत्र में जमीन के विवाद को लेकर हुई हत्या की घटना का पुलिस ने 24 घंटे के अंदर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा भी बरामद हुआ है।
मामले में दी गई तहरीर के अनुसार, बेची गई जमीन के विवाद में हरनाम सिंह उर्फ पप्पू की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी गई थी। आरोप है कि हत्या के बाद शव को छिपाने की नीयत से धीरजपुर और सवासी गांव के बीच खेतों में फेंक दिया गया था। तहरीर के आधार पर थाना कमालगंज में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने नामजद आरोपी कैलाश चन्द्र शर्मा निवासी ग्राम सवासी और नीलेन्द्र उर्फ नारद निवासी धीरजपुर, थाना कमालगंज को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि करीब चार-पांच साल पहले कैलाश चन्द्र शर्मा ने अपनी छह बिस्वा जमीन हरनाम सिंह को बेची थी। जमीन की कीमत बढ़ने के बाद कैलाश उसे वापस लेना चाहता था, जिसको लेकर दोनों पक्षों में विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में दोनों आरोपियों ने मिलकर हरनाम सिंह की डंडों से पिटाई कर दी, जिससे उनकी मौत हो गई। बाद में शव को रास्ते किनारे फेंक दिया।
अपर पुलिस अधीक्षक ग्रीश कुमार ने बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उनके विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article