– अखिलेश यादव की हिरासत के विरोध में प्रदर्शन
– प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल समेत कई नेता ईको गार्डन भेजे गए
लखनऊ। राजधानी में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा विधानसभा घेराव के आह्वान के बीच मंगलवार को पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कई वरिष्ठ सपा नेताओं को हिरासत में ले लिया। यह प्रदर्शन दिल्ली में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को हिरासत में लिए जाने के विरोध में आयोजित किया गया था।
सपा कार्यकर्ता विधानसभा की ओर कूच कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था का हवाला देते हुए उन्हें रास्ते में ही रोक दिया। इस दौरान समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल, विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष राजपाल कश्यप सहित कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए।
पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच कुछ देर तक नोकझोंक भी हुई। इसके बाद पुलिस ने कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर बसों के माध्यम से ईको गार्डन भेज दिया। विधानसभा और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे तथा अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहा।
समाजवादी पार्टी ने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक विरोध को बलपूर्वक रोका जा रहा है और विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि विधानसभा की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए एहतियातन यह कार्रवाई की गई।


