भोपाल: भोपाल में ऐशबाग डबल मर्डर केस (Aishbagh Double Murder Case) में पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए 2 आरोपियों को गिरफ्तार (arrest) किया है। पुलिस ने बुजुर्ग दंपत्ति की हत्या के पीछे की वजह प्रॉपर्टी को बताई है। वारदात को अंजाम देने वाले दोनों आरोपी भाई हैं जो प्रॉपर्टी ब्रोकर और फिजियोथैरेपिस्ट छात्र है।
पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने हत्याकांड का प्रेस कॉन्फ्रेंस कर खुलासा किया। उन्होंने बताया कि पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की है। 1500 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए और 100 से ज्यादा लोगों से पूछताछ की गई। कजली खेड़ा निवासी प्रॉपर्टी ब्रोकर श्रीकांत चिचलिया, फिजियोथैरेपिस्ट छात्र शशिकांत को गिरफ्तार किया गया है।
आरोपियों ने मृतक दंपत्ति हेमंत और शकुंतला फिलेमोन के घर का धोखे से दान पत्र कराया था। मकान हड़पने के मकसद से आरोपियों ने हत्या को अंजाम दिया। आगर मालवा से अवैध हथियार खरीदने के बाद पहले पति को गोली मारी, फिर पत्नी को गोली मारकर हत्या कर दी गई। दो सालों से आरोपी मृतक दंपति को जानते थे। श्रीकांत शाहपुरा रिकॉर्डशुदा शाहपुरा का बदमाश है। आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस ने कई दिन और रात मेहनत की और आरोपियों को दबोच लिया। कमिश्नर ने कहा है कि आरोपियों को संरक्षण देने वाले लोगों को पकड़ा जाएगा।


