पेरिस। फ्रांस की राजधानी पेरिस में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि नया भारत आज केवल आर्थिक प्रगति की कहानी नहीं, बल्कि सामाजिक परिवर्तन और वैश्विक प्रभाव का भी प्रतीक बन चुका है। उन्होंने कहा कि बीते एक दशक में भारत ने जिस गति और पैमाने पर विकास किया है, उसने दुनिया को चौंकाया है और देश को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत की जीडीपी दोगुनी हुई है, एयरपोर्ट्स की संख्या दोगुनी हुई है, विश्वविद्यालयों का विस्तार दोगुना हुआ है और राष्ट्रीय राजमार्गों के निर्माण में भी रिकॉर्ड वृद्धि दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धियां किसी एक सरकार की नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों की सामूहिक शक्ति और परिश्रम का परिणाम हैं।
प्रवासी भारतीयों को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि फ्रांस में बसे भारतीय दोनों देशों के संबंधों को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने भारतीय समुदाय की विविधता का जिक्र करते हुए कहा कि यहां भारत के हर राज्य और संस्कृति का प्रतिनिधित्व दिखाई देता है, जो भारत की एकता और शक्ति का परिचायक है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज भारत दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है और देश तेजी से वैश्विक निवेश, नवाचार और तकनीकी विकास का केंद्र बन रहा है। उन्होंने बताया कि बीते वर्षों में करोड़ों लोगों को गरीबी से बाहर निकाला गया है, बैंकिंग सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया गया है और वित्तीय समावेशन को सामाजिक बदलाव का बड़ा माध्यम बनाया गया है।
मोदी ने कहा कि भारत का निर्यात अभूतपूर्व रूप से बढ़ा है और मोबाइल निर्माण के क्षेत्र में देश ने नई पहचान बनाई है। उन्होंने जोर देकर कहा कि नया भारत आत्मविश्वास, नवाचार और अवसरों का भारत है, जो वैश्विक मंच पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रहा है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि एक सामान्य परिवार से निकलकर देश की सेवा करने का अवसर मिलना भारतीय लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने प्रवासी भारतीयों से भारत की विकास यात्रा के सहभागी बनने का आह्वान करते हुए कहा कि आने वाले वर्षों में भारत दुनिया की सबसे प्रभावशाली आर्थिक और तकनीकी शक्तियों में शामिल होगा।


