41.6 C
Lucknow
Saturday, June 13, 2026

13 से 18 जून तक यूरोप के महत्वपूर्ण दौरे पर रहेंगे पीएम मोदी, फ्रांस, स्लोवाकिया की करेंगे यात्रा

Must read

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) 13 से 18 जून तक यूरोप (Europe) के महत्वपूर्ण दौरे पर रहेंगे, जहां वह फ्रांस (France) और स्लोवाकिया (Slovakia) की यात्रा करने के साथ-साथ G-7 शिखर सम्मेलन में भी भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस दौरे को भारत की वैश्विक कूटनीति और रणनीतिक साझेदारियों को नई दिशा देने वाला माना जा रहा है।

फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के आमंत्रण पर प्रधानमंत्री मोदी 13-14 जून को नीस और 16-19 जून के बीच एवियन व पेरिस का दौरा करेंगे। 14 जून को नीस में दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय बैठक होगी, जिसमें रक्षा, प्रौद्योगिकी, व्यापार, ऊर्जा और वैश्विक सहयोग समेत भारत-फ्रांस संबंधों के विभिन्न आयामों पर चर्चा की जाएगी।

प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति मैक्रों संयुक्त रूप से ‘भारत इनोवेट्स’ कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे। इस विशेष आयोजन में भारत, फ्रांस और अन्य देशों के प्रमुख स्टार्टअप, तकनीकी विशेषज्ञ और उद्यमी भाग लेंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य दोनों देशों के बीच नवाचार और तकनीकी सहयोग को और मजबूत बनाना है।

यात्रा के दूसरे चरण में प्रधानमंत्री मोदी 14 से 16 जून तक स्लोवाकिया जाएंगे। 1993 में स्लोवाकिया के स्वतंत्र राष्ट्र बनने के बाद यह किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली आधिकारिक यात्रा होगी। इस दौरान वह प्रधानमंत्री रॉबर्ट फिको और राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी से मुलाकात करेंगे।

दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश, रेलवे निर्माण और औद्योगिक सहयोग जैसे क्षेत्रों में साझेदारी बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जाएगा। यह दौरा भारत और स्लोवाकिया के संबंधों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

16-17 जून को प्रधानमंत्री मोदी फ्रांस के एवियन में आयोजित G-7 शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। सम्मेलन में दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं के नेताओं के साथ वैश्विक चुनौतियों और भविष्य की साझेदारियों पर चर्चा होगी। शिखर सम्मेलन के प्रमुख विषयों में नई वैश्विक भागीदारी का निर्माण, समावेशी और टिकाऊ आर्थिक विकास को बढ़ावा देना तथा कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के सुरक्षित और प्रभावी उपयोग को सुनिश्चित करना शामिल है।

18 जून को प्रधानमंत्री मोदी पेरिस में आयोजित यूरोप के सबसे बड़े टेक्नोलॉजी और स्टार्टअप आयोजन ‘विवाटेक’ सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। इसके अलावा वह कई द्विपक्षीय बैठकों में भाग लेने के साथ फ्रांस में बसे भारतीय समुदाय को भी संबोधित कर सकते हैं।

प्रधानमंत्री मोदी का यह बहुपक्षीय यूरोपीय दौरा फ्रांस, स्लोवाकिया और G-7 देशों के साथ भारत के संबंधों को और मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो सकता है। साथ ही यह वैश्विक मंचों पर भारत की बढ़ती भूमिका, आर्थिक शक्ति और तकनीकी नेतृत्व को भी रेखांकित करेगा।

 

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article