फर्रुखाबाद। स्वामी रामानंद बालिका इंटर कॉलेज में शनिवार को प्रधानाचार्या श्रीमती रीता दुबे की अध्यक्षता में अभिभावक बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य छात्राओं की शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा तथा विद्यालय और अभिभावकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना रहा।
बैठक में अभिभावकों को सड़क सुरक्षा अभियान, कैंसर जागरूकता, नशा मुक्ति अभियान, योग के महत्व तथा 14 वर्ष आयु की छात्राओं के टीकाकरण के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। प्रधानाचार्या ने कहा कि छात्राओं का सर्वांगीण विकास तभी संभव है, जब अभिभावक और विद्यालय मिलकर उनकी शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा के प्रति समान रूप से जिम्मेदारी निभाएं।
अभिभावकों से अपील की गई कि वे अपनी बेटियों को नियमित रूप से समय पर विद्यालय भेजें, सुरक्षित परिवहन की व्यवस्था सुनिश्चित करें तथा यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करें। साथ ही निर्धारित तिथि पर 14 वर्ष आयु की छात्राओं का टीकाकरण अवश्य कराएं, जिससे वे गंभीर बीमारियों से सुरक्षित रह सकें।
बैठक के दौरान अभिभावक-शिक्षक संघ (पी.टी.ए.) समिति के गठन में संशोधन पर भी विचार-विमर्श किया गया। सर्वसम्मति से संशोधित समिति का गठन करते हुए श्री सुनील कुमार मिश्रा को पी.टी.ए. समिति का अध्यक्ष मनोनीत किया गया। उपस्थित अभिभावकों ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए विद्यालय के विकास कार्यों में सक्रिय सहयोग का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्या श्रीमती रीता दुबे के साथ शिक्षिकाएं श्रीमती फराना हाशमी, श्रीमती दीपावली, श्रीमती साधना राठौर, श्रीमती प्रेरणा, श्रीमती नीना, श्रीमती सुनीता, श्रीमती बबली, श्रीमती शिव, श्रीमती कीर्ति तथा शिक्षक श्री रजत प्रजापति सहित बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में प्रधानाचार्या श्रीमती रीता दुबे ने सभी अभिभावकों एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय छात्राओं की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, सुरक्षित वातावरण और बेहतर भविष्य के लिए निरंतर प्रयासरत है।


