41 C
Lucknow
Friday, April 24, 2026

पंचायती राज दिवस पर मौधा ग्राम पंचायत में 1.48 करोड़ के उत्सव भवन का शिलान्यास

Must read

 

फर्रुखाबाद

 

विकासखंड मोहम्मदाबाद अंतर्गत ग्राम पंचायत मौधा में पंचायती राज दिवस के अवसर पर भोजपुर विधायक नागेंद्र सिंह राठौर ने 1.48 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले उत्सव भवन का भूमि पूजन कर शिलान्यास किया। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रीय ग्रामीणों की मौजूदगी में विधायक ने कहा कि यह उत्सव भवन क्षेत्र की जनता के लिए अत्यंत उपयोगी साबित होगा और अब ग्रामीणों को अपने मांगलिक कार्यक्रमों के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा।

विधायक ने विशेष रूप से महिला पंचायत प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें सभी बैठकों में सक्रिय रूप से भाग लेना चाहिए और विकास योजनाओं के संचालन में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं की भागीदारी को बढ़ाकर राष्ट्र निर्माण में उनकी प्रभावी भूमिका सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे परियोजना निदेशक एवं प्रभारी जिला पंचायत राज अधिकारी कपिल कुमार ने पंचायती राज दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ग्रामों को स्वायत्तशासी संस्था के रूप में मजबूत करना और सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना शासन की प्राथमिकता है।

खंड विकास अधिकारी त्रिलोकचंद शर्मा ने कार्यक्रम में आए सभी अतिथियों और ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर प्रधान विवेक यादव, सहायक विकास अधिकारी समीर शुक्ला, सत्यनारायण सिंह, सचिव विनय चौहान, परियोजना प्रबंधक विजय कुमार, कंसल्टिंग इंजीनियर रूबी, भाजपा जिला मंत्री शिव मोहन सिंह गौर, देवपाल सिंह राठौड़ सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article