– स्वच्छता, योग और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का दिया संदेश
– बच्चों और स्टॉफ मे घुली मिलीं डीएम की भायी सबको सादगी
फर्रुखाबाद। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर विकासखंड बढ़पुर स्थित प्राथमिक विद्यालय पपियापुर में स्वास्थ्य एवं बेसिक शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने पहुंचकर विद्यालय के छात्र-छात्राओं को निर्धारित कृमिनाशक दवा का सेवन कराया और उन्हें स्वच्छता एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने फीता काटकर तथा मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर किया। विद्यालय पहुंचने पर छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने जिलाधिकारी का स्वागत किया।
डीएम डॉ. अंकुर लाठर ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि व्यक्तिगत स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर कई बीमारियों से बचा जा सकता है। उन्होंने भोजन से पहले और शौचालय के प्रयोग के बाद साबुन से हाथ धोने, नाखून साफ रखने, स्वच्छ पेयजल एवं स्वच्छ भोजन का सेवन करने तथा आसपास साफ-सफाई बनाए रखने की अपील की। उन्होंने बच्चों से अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बच्चों को निर्धारित कृमिनाशक दवा का सेवन कराया तथा दवा से संबंधित आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी।
कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने स्वागत गीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों ने विभिन्न योगासनों और योगाभ्यास का प्रदर्शन भी किया। जिलाधिकारी ने बच्चों के अनुशासन, उत्साह और योग प्रदर्शन की सराहना करते हुए नियमित योग एवं शारीरिक गतिविधियों को दिनचर्या में शामिल करने के लिए प्रेरित किया।
डीएम ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए विद्यालय के शिक्षकों एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि बच्चों को स्वस्थ और स्वच्छ जीवनशैली के प्रति जागरूक करने में विद्यालयों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
उन्होंने अभिभावकों एवं शिक्षकों से बच्चों को स्वच्छता और स्वास्थ्य संबंधी अच्छी आदतों के लिए लगातार प्रेरित करने की अपील की।
इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सर्वेश कुमार यादव, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर. माथुर सहित स्वास्थ्य एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, विद्यालय के प्रधानाध्यापक, शिक्षकगण एवं स्टाफ मौजूद रहा।


