कायमगंज/फर्रुखाबाद। कोतवाली कायमगंज क्षेत्र के ग्राम ज्योनी रशीदपुर में एक नवविवाहिता की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी सतीश चंद्र के पुत्र संजीव की शादी 4 मई को मऊ निवासी 33 वर्षीय ममता के साथ हुई थी। शादी को अभी दो महीने ही हुए थे कि सोमवार को यह दुखद घटना हो गई।
परिजनों के मुताबिक, रविवार को ममता के पेट में अचानक तेज दर्द उठा। पहले उसे एक निजी अस्पताल में दिखाया गया, लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ। सोमवार को पति संजीव उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज लेकर पहुंचे। वहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉ. राममनोहर लोहिया अस्पताल, फर्रुखाबाद रेफर कर दिया।
बताया गया कि लोहिया अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में ममता ने दम तोड़ दिया। अस्पताल प्रशासन ने मेमो के माध्यम से घटना की सूचना कोतवाली कायमगंज पुलिस को दी।
सूचना पर पुलिस गांव पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। घटना के बाद मृतका के मायके और ससुराल पक्ष में शोक की लहर दौड़ गई है।
नवविवाहिता की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत, शादी के दो माह बाद उजड़ा परिवार


