35 C
Lucknow
Saturday, April 25, 2026

हत्याकांड का खुलासा: ट्रक चालक ने महिला की गला घोंटकर की हत्या

Must read

 

हमीरपुर
सुमेरपुर थाना क्षेत्र में 21 अप्रैल को लीडा नाला के पास मिले अज्ञात महिला के शव मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। हाईवे किनारे शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शुरुआती जांच में ही गला घोंटकर हत्या की आशंका जताई और आसपास के जिलों में गुमशुदगी की जानकारी जुटानी शुरू की। बाद में कानपुर निवासी शिवमंगल ने शव की पहचान अपनी पत्नी पूजा के रूप में की, जिसके बाद मामले ने गंभीर रूप ले लिया और पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच तेज कर दी।

जांच के दौरान पुलिस ने सर्विलांस और सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें एक संदिग्ध ट्रक सामने आया। इसी सुराग के आधार पर पुलिस ने ट्रक चालक महेंद्र कुमार पाल को हिरासत में लिया, जो कानपुर के साढ़ थाना क्षेत्र का रहने वाला है। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पूछताछ में उसने बताया कि वह पूजा को पहले से जानता था और घटना के दिन वह उसके साथ ट्रक में सफर कर रही थी।

आरोपी के अनुसार, रास्ते में दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया, जिसके बाद गुस्से में आकर उसने पूजा का दुपट्टे से गला घोंट दिया। हत्या के बाद उसने शव को सुनसान इलाके लीडा नाला के पास फेंक दिया और मौके से फरार हो गया। पुलिस अधीक्षक एमएस पाठक ने बताया कि आरोपी को इटरा मोड़ के पास से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। मामले में यह भी जांच की जा रही है कि कहीं इसमें अन्य लोग भी शामिल तो नहीं हैं।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article