प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने फोन पर दी जन्मदिन की बधाई, दीर्घायु की कामना
नई दिल्ली। फर्रुखाबाद के सांसद मुकेश राजपूत का जन्मदिन शनिवार को नई दिल्ली के 9 फिरोजशाह मार्ग स्थित उनके सरकारी आवास पर धूमधाम और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में राजनीतिक, सामाजिक और उद्योग जगत से जुड़े गणमान्य लोगों ने पहुंचकर सांसद मुकेश राजपूत को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
जन्मोत्सव के अवसर पर महर्षि मधुसूदन, संस्थापक महर्षि योग आश्रम, हरिद्वार, सहित कई केंद्रीय मंत्री, सांसद एवं अन्य विशिष्ट अतिथि सांसद के आवास पर पहुंचे। निकोलस शूज के मालिक एवं प्रसिद्ध उद्योगपति कुलदीप कटियार, पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय चंद्रशेखर के राजनीतिक सलाहकार प्रो. एच.एन. शर्मा, सांसद भोला सिंह सहित अनेक दिग्गजों ने पहुंचकर सांसद को शुभकामनाएं दीं।
सांसद मुकेश राजपूत को जन्मदिन की बधाई देने के लिए देश के शीर्ष राजनीतिक नेतृत्व की ओर से भी शुभकामनाएं प्राप्त हुईं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने फोन पर सांसद मुकेश राजपूत से बात कर उन्हें जन्मदिन की बधाई दी तथा स्वस्थ, सुखी एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
इस दौरान सांसद के सरकारी आवास पर पूरे दिन शुभकामनाएं देने वालों का सिलसिला चलता रहा। समर्थकों, शुभचिंतकों और राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने सांसद के साथ मुलाकात कर उन्हें जन्मदिन की बधाई दी। आवास पर आयोजित जन्मोत्सव में आत्मीयता और उल्लास का माहौल नजर आया।
लगातार तीसरी बार फर्रुखाबाद का संसद में प्रतिनिधित्व कर रहे मुकेश राजपूत के जन्मदिन पर पहुंचे गणमान्य लोगों ने उनके दीर्घ राजनीतिक जीवन और जनसेवा के लिए शुभकामनाएं दीं। सांसद ने सभी शुभचिंतकों का आभार व्यक्त किया।


