28.9 C
Lucknow
Wednesday, September 23, 2026

गाजीपुर के कस्तूरबा विद्यालय में हड़कंप, संवाद कार्यक्रम के बीच दो छात्राएं लापता, वाराणसी में मिलीं

Must read

गाजीपुर: यूपी के गाजीपुर (Ghazipur) में छावनी लाइन स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय (Kasturba Gandhi Residential Girls’ School) से सोमवार शाम कक्षा 8 में पढ़ने वाली दो छात्राएं लापता हो गईं। दोनों छात्राओं के विद्यालय से बाहर निकलने के करीब 40 मिनट बाद उनके गायब होने की जानकारी हुई। पुलिस ने जांच के दौरान दोनों की लोकेशन वाराणसी में मिलने के बाद उन्हें बरामद कर लिया है और उन्हें गाजीपुर लाया जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक, दोनों छात्राएं सोमवार शाम करीब 4:50 बजे विद्यालय का गेट खोलकर बाहर निकली थीं। करीब 5:30 बजे हिंदी विषय के संवाद कार्यक्रम के दौरान शिक्षिका अर्चना कुमारी ने दोनों को कक्षा में नहीं पाया, जिसके बाद उनकी तलाश शुरू की गई। विद्यालय परिसर और आसपास तलाश करने के साथ अन्य छात्राओं से भी दोनों के बारे में जानकारी ली गई, लेकिन तत्काल उनका पता नहीं चल सका। इसके बाद विद्यालय प्रबंधन को सूचना दी गई और छात्राओं के परिजनों को भी बुलाया गया।

मामले में शिक्षिका अर्चना कुमारी की ओर से कोतवाली में तहरीर दी गई। एफआईआर में मामले की विवेचना उपनिरीक्षक शिवाकांत मिश्रा को सौंपे जाने का उल्लेख है। पुलिस ने छात्राओं के विद्यालय से बाहर निकलने के बाद संभावित रास्तों और उनके संपर्क में आए लोगों समेत अलग-अलग बिंदुओं पर जांच शुरू की। इस दौरान दोनों छात्राओं की लोकेशन वाराणसी में मिलने की जानकारी सामने आई।

बेसिक शिक्षा अधिकारी उपासना रानी वर्मा ने बताया कि कक्षा 8 की दो छात्राएं बिना बताए विद्यालय से चली गई थीं। पुलिस टीम ने दोनों को बरामद कर लिया है और उन्हें गाजीपुर लाया जा रहा है। विद्यालय को जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने गोद लिया है। घटना के बाद विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं, क्योंकि मुख्य गेट पर गार्ड की तैनाती और परिसर में सीसीटीवी कैमरे मौजूद हैं। विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, जिस समय छात्राएं परिसर से बाहर निकलीं, उस दौरान बिजली आपूर्ति बाधित थी। इसके चलते सीसीटीवी कैमरों में घटना रिकॉर्ड नहीं हो सकी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article