गुरसहायगंज, कन्नौज। कोतवाली परिसर में शनिवार को समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पुलिस और राजस्व से जुड़ी कुल 16 शिकायतें फरियादियों द्वारा अधिकारियों के समक्ष रखी गईं। जिनमें से एक का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष बची समस्याओं का समय से निस्तारण करने के लिए संबंधित कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
शनिवार को कोतवाली परिसर में समाधान दिवस का आयोजन जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री, तहसीलदार राकेश कुशवाहा तथा कोतवाली प्रभारी अजय कुमार अवस्थी की मौजूदगी में हुआ। इस दौरान फरियादियों ने मुख्य रूप से अवैध भूमि कब्जे, निर्माण कार्य रोकने, भूमि की पैमाइश और स्कूल से जुड़े दो अध्यापकों के आपसी विवाद, मारपीट से संबंधित मामलों की शिकायतें दर्ज कराईं। डीएम ने एक मामले का तत्काल निस्तारण कराया। जबकि अन्य मामलों की गंभीरता को देखते हुए संबंधित राजस्व व पुलिस टीम को मौका मुआयना कर जल्द कार्रवाई करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस मौके पर अतिरिक्त निरीक्षक सीपी तिवारी, कस्बा इंचार्ज विकल्प चतुर्वेदी, क्षेत्रीय लेखपाल सहित पुलिस व राजस्व विभाग के कई कर्मचारी और बड़ी संख्या में फरियादी मौजूद रहे।
समाधान दिवस में जिलाधिकारी ने सुनीं समस्याएं, 16 समस्याओं में से एक का हुआ निस्तारण


