कंपिल के मानिकपुर के पास हादसा, पुलिस ने वाहन कब्जे में लेकर शुरू की कार्रवाई
कंपिल, फर्रुखाबाद। कंपिल थाना क्षेत्र में रविवार शाम तेज रफ्तार लोडर की टक्कर से बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद चालक लोडर लेकर मौके से भाग निकला, लेकिन ग्रामीणों ने पीछा कर उसे कुछ दूरी पर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के चांदपुर कच्छ गांव निवासी 31 वर्षीय मंदीप पुत्र वीरपाल रविवार शाम रुदायन से बाइक से अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वह मानिकपुर गांव के निकट पहुंचे, सामने से आ रहे तेज रफ्तार लोडर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मंदीप की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार होने का प्रयास करने लगा, लेकिन आसपास मौजूद ग्रामीणों ने पीछा कर लोडर को घेर लिया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कंपिल पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं लोडर को थाने लाकर चालक के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के घर में मातम छा गया। मां रीता देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। मंदीप तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर थे। बड़े भाई रंजीत और छोटे भाई गोपी सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
थानाध्यक्ष नितिन चौधरी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर मिलने पर आरोपी चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।


