– उपलब्धियों को बताया ‘यशस्वी नेतृत्व की पहचान’
लखनऊ । केंद्र में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने सोशल मीडिया के माध्यम से एक संदेश जारी कर प्रधानमंत्री के कार्यकाल को देश के विकास, सुरक्षा और वैश्विक प्रतिष्ठा के लिए महत्वपूर्ण बताया है।
सोशल मीडिया पर साझा किए गए संदेश में पंकज चौधरी ने प्रधानमंत्री मोदी को “यशस्वी प्रधानमंत्री” बताते हुए कहा कि वर्ष 2014 से देश ने विकास और सुशासन की नई दिशा प्राप्त की है। उन्होंने दावा किया कि मोदी सरकार के कार्यकाल में भारत की सीमाएं अधिक सुरक्षित हुई हैं, वैज्ञानिक एवं तकनीकी क्षेत्र में देश ने नई ऊंचाइयों को छुआ है तथा गरीब और वंचित वर्ग के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं लागू की गई हैं।
संदेश में प्रधानमंत्री आवास योजना, जनधन योजना, मुद्रा योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा गया है कि इन योजनाओं ने समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सरकारी लाभ पहुंचाने का कार्य किया है। साथ ही कोविड-19 महामारी के दौरान भारत की भूमिका और वैक्सीन अभियान को भी सरकार की उपलब्धियों में शामिल किया गया है।
श्री चौधरी ने अपने संदेश में “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” के संकल्प को दोहराते हुए वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश लगातार आर्थिक, सामरिक और सामाजिक क्षेत्रों में आगे बढ़ रहा है।


