कोलकाता
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के दूसरे चरण के मतदान से ठीक पहले चुनाव प्रचार के अंतिम दिन प्रधानमंत्री Narendra Modi ने बैरकपुर में आयोजित विजय संकल्प सभा को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में माहौल बनाने की पूरी कोशिश की। इस दौरान उन्होंने इसे अपनी इस चरण की अंतिम जनसभा बताते हुए कहा कि 4 मई के बाद वह फिर बंगाल लौटेंगे, जब राज्य में भाजपा सरकार बनने के बाद शपथ ग्रहण का समय होगा।
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में बैरकपुर की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि का उल्लेख करते हुए कहा कि 1857 की क्रांति की शुरुआत इसी धरती से हुई थी, जिसने देश को आजादी की पहली लड़ाई की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि आज वही धरती बंगाल में राजनीतिक परिवर्तन की नई इबारत लिखने जा रही है।
अपने भाषण में पीएम मोदी ने तृणमूल कांग्रेस सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में भ्रष्टाचार, हिंसा और राजनीतिक अत्याचार चरम पर हैं, जिससे आम जनता त्रस्त है। उन्होंने दावा किया कि इस बार बंगाल की जनता परिवर्तन के मूड में है और भाजपा को स्पष्ट बहुमत मिलने जा रहा है।
प्रधानमंत्री ने रैली में गूंज रहे नारे “पलटनो दरकार, चाई बीजेपी सरकार” का जिक्र करते हुए कहा कि यह सिर्फ नारा नहीं बल्कि जनता की भावना है। उन्होंने कहा कि बंगाल की जनता अब विकास, सुशासन और सुरक्षित वातावरण चाहती है, जो केवल भाजपा ही दे सकती है।
इसके साथ ही उन्होंने महिलाओं की भूमिका को भी अहम बताते हुए कहा कि इस चुनाव में महिला मतदाता निर्णायक भूमिका निभा रही हैं और वे बदलाव की अगुवाई कर रही हैं। पीएम मोदी ने भरोसा जताया कि 4 मई को आने वाला परिणाम सिर्फ सरकार नहीं बदलेगा, बल्कि पूरे बंगाल में एक नए युग की शुरुआत करेगा।


