31 C
Lucknow
Sunday, August 16, 2026

ढाईघाट पुल पर बाइक फिसलने से अधेड़ घायल, लूट की सूचना निकली अफवाह

Must read

शमशाबाद, फर्रुखाबाद। ढाईघाट पुल पर रविवार को तेज रफ्तार बाइक फिसलने से करीब 50 वर्षीय अधेड़ घायल हो गया। घायल अवस्था में मिले अधेड़ ने प्रारंभिक पूछताछ में अज्ञात लोगों पर मारपीट कर 900 रुपये छीनने का आरोप लगाया था। सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की, लेकिन जांच में मामला सड़क हादसे का निकला।
जानकारी के अनुसार शाहजहांपुर जनपद के थाना कलान क्षेत्र के गांव आंधी देई निवासी रामनिवास ढाईघाट पुल के पास घायल अवस्था में पड़ा मिला। राहगीरों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष सचिन चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायल को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शमशाबाद में भर्ती कराया।
प्रारंभिक पूछताछ के दौरान रामनिवास ने पुलिस को बताया कि अज्ञात लोगों ने उसके साथ मारपीट की और जेब में रखे 900 रुपये छीन लिए। आरोप की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आसपास के क्षेत्र में जांच और चेकिंग शुरू कर दी।
थाना अध्यक्ष सचिन चौधरी के अनुसार मौके की स्थिति, सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय लोगों से की गई पूछताछ के साथ घायल के बयान की जांच की गई। जांच के दौरान सामने आया कि बयानों में विरोधाभास था। पुलिस जांच में पता चला कि रामनिवास बाइक से ढाईघाट पुल से गुजर रहा था, तभी बाइक फिसल गई और वह सड़क पर गिरकर घायल हो गया।
पुलिस के मुताबिक जांच में मारपीट अथवा लूट की घटना की पुष्टि नहीं हुई है। बाइक से गिरने के कारण रामनिवास के शरीर पर चोटें आई हैं। घायल का सीएचसी शमशाबाद में उपचार चल रहा है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। मामले में अभी कोई लिखित तहरीर नहीं दी गई है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी घटना की सूचना मिलने पर बिना पुष्टि के अफवाह न फैलाएं और तथ्यों की जांच के बाद ही जानकारी साझा करें। साथ ही बरसात के मौसम में पुलों और सड़कों पर फिसलन बढ़ने के कारण वाहन चालकों से धीमी गति और सावधानी से वाहन चलाने की अपील की गई है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article