मोहम्मदाबाद। कांवड़ियों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस ने थाना क्षेत्र में आठ सुरक्षा प्वाइंट बनाए हैं। रविवार को अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह, डीएसपी अजय वर्मा और थाना प्रभारी निरीक्षक अमोद कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से सभी प्वाइंटों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
पुलिस ने संकिसा रोड, बेवर रोड, नवाबगंज रोड और ताजपुर रोड समेत कांवड़ियों के आवागमन वाले प्रमुख मार्गों को चिन्हित कर सुरक्षा प्वाइंट बनाए हैं। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को यातायात व्यवस्था सुचारु रखने और कांवड़ियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह ने बताया कि सभी चिन्हित स्थानों का निरीक्षण किया गया है। कांवड़ यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर एंबुलेंस और स्वास्थ्य विभाग की टीमों की तैनाती की जाएगी। थाना पुलिस और पीआरवी के अलावा अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात रहेगा, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तत्काल निपटा जा सके।


