लखनऊ: उत्तर प्रदेश के कई प्रमुख जिलों में शनिवार से CNG चालकों की जेब पर बोझ बढ़ गया है। गैस कंपनियों (Gas companies) ने इनपुट CNG गैस की बढ़ती लागत को देखते हुए खुदरा बिक्री दरों में संशोधन किया है। इसके तहत लखनऊ, उन्नाव, अयोध्या, सुल्तानपुर और आगरा में सीएनजी के दाम बढ़ा दिए गए हैं। लखनऊ में सीएनजी की दर में दो रुपये प्रति किलोग्राम का इजाफा हुआ है।
इसके बाद यहां नई कीमत 105 रुपये से बढ़कर 107 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है। वहीं उन्नाव जिले में भी दो रुपये की वृद्धि के साथ रेट 101.75 रुपये से बढ़कर 103.75 रुपये प्रति किलोग्राम पहुंच गया है। ये संशोधित दरें 3 अक्टूबर से प्रभावी हो चुकी हैं। अयोध्या और सुल्तानपुर में वाहन चालकों को सबसे ज्यादा झटका लगा है।
इन दोनों शहरों में सीएनजी 3.25 रुपये प्रति किलोग्राम महंगी हो गई है, जिससे पुरानी दर 101.75 रुपये से बढ़कर अब 105 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई है। ताजनगरी आगरा में भी सीएनजी दो रुपये प्रति किलो महंगी हुई है। आगरा में वर्तमान कीमत 105 रुपये है जो 4 अक्टूबर से बढ़कर 107 रुपये प्रति किलोग्राम हो जाएगी। संबंधित कंपनी का कहना है कि कच्चे माल के रूप में इस्तेमाल होने वाली इनपुट गैस की लागत में वृद्धि के कारण यह फैसला लिया गया है।


