शमशाबाद, फर्रुखाबाद। ढाई घाट पर मंगलवार को एक विक्षिप्त महिला द्वारा अचानक गंगा में छलांग लगाने से अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद लोगों के शोर मचाने पर सक्रिय गोताखोरों ने जान की बाजी लगाकर गंगा में छलांग लगाई और महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। बाद में ग्रामीणों ने महिला को शाहजहांपुर की ओर जा रहे एक वाहन से रवाना कर दिया। पुलिस के मौके पर पहुंचने तक महिला वहां से जा चुकी थी।
जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह करीब 11 बजे एक महिला ढाई घाट क्षेत्र में गंगा के किनारे घूम रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लोग कुछ समझ पाते उससे पहले ही महिला ने अचानक गंगा में छलांग लगा दी। यह दृश्य देखकर आसपास मौजूद लोगों के होश उड़ गए और उन्होंने शोर मचाना शुरू कर दिया।
शोर-शराबा सुनकर मौके पर पहुंचे सक्रिय गोताखोरों ने बिना देर किए गंगा में छलांग लगा दी और काफी मशक्कत के बाद महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। गोताखोरों की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया।
महिला को बाहर निकालने के बाद ग्रामीणों ने उससे पूछताछ की। महिला स्वयं को शाहजहांपुर जनपद का निवासी बता रही थी, लेकिन उसकी बातचीत और व्यवहार से प्रतीत हो रहा था कि उसका मानसिक संतुलन ठीक नहीं है। काफी देर तक उसकी पहचान और परिजनों के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास किया गया, लेकिन कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी।
बताया गया कि पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही ग्रामीणों ने महिला को शाहजहांपुर की ओर जा रहे एक वाहन में बैठाकर रवाना कर दिया।
थानाध्यक्ष शमशाबाद सचिन चौधरी ने बताया कि गंगा में महिला के कूदने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक महिला को ग्रामीणों द्वारा शाहजहांपुर की ओर जाने वाले वाहन से भेजा जा चुका था।
गोताखोरों की सूझबूझ और तत्परता से समय रहते महिला की जान बचा ली गई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
विक्षिप्त महिला ने गंगा में लगाई छलांग, गोताखोरों ने जान जोखिम में डालकर बचाई जान


