फर्रुखाबाद। कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के गांव अल्हादादपुर में खेत की सिंचाई के दौरान एक 28 वर्षीय युवक की नहर (गूल) में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, गांव अल्हादादपुर निवासी नंदराम सिंह का 28 वर्षीय पुत्र शरद यादव उर्फ बबलू रविवार शाम करीब सात बजे खेत पर गया था। खेत के पास स्थित गूल में सबमर्सिबल पंप का पानी चल रहा था। देर रात तक घर वापस न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान बबलू का शव गूल के पानी में पड़ा मिला।
परिजन तत्काल उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस अस्पताल पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।
मृतक अपने पीछे मां नेमा देवी, पत्नी सीमा देवी, दो पुत्र विकास और विनय तथा एक पुत्री नैना को छोड़ गया है। चार भाई-बहनों में वह सबसे बड़ा था। उसका छोटा भाई सुनील यादव कानपुर नगर के मूलगंज थाने में सिपाही के पद पर तैनात है। घटना की सूचना मिलते ही वह भी अस्पताल पहुंच गया।
प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।


