42.5 C
Lucknow
Wednesday, June 24, 2026

तेज रफ्तार डंपर ने खड़ी कार को रौंदा, बाबा की मौत, एक गंभीर घायल

Must read

 

फर्रुखाबाद। अमृतपुर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। दयानंद इंटर कॉलेज के पास सड़क किनारे खड़ी एक मारुति सुजुकी कार को तेज रफ्तार डंपर ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयावह थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और वह अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार गंगा भारती उर्फ रामू बाबा की मौत हो गई, जबकि उनके साथी घुरू गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह के समय कार दयानंद इंटर कॉलेज के निकट खड़ी थी। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रहे डंपर ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग तत्काल मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही अमृतपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एसआई खूबेलाल और दीवान एंजिल ने ग्रामीणों की मदद से क्षतिग्रस्त कार में फंसे दोनों घायलों को बाहर निकाला। एंबुलेंस की सहायता से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजेपुर भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने गंगा भारती उर्फ रामू बाबा को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल घुरू का उपचार जारी है।

मृतक रामू बाबा (36) जनपद मैनपुरी के नगरिया चौराहा स्थित हनुमान मंदिर के पीछे मोहल्ला भरतवाल के निवासी थे। बताया गया कि वह धार्मिक प्रवृत्ति के व्यक्ति थे और शमशाबाद क्षेत्र में अपने शिष्यों से मिलने जा रहे थे। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पत्नी बीनू का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक अपने पीछे दो पुत्र ऋषभ और रिशांत तथा दो पुत्रियां अर्पिता और छवि को छोड़ गए हैं। चार भाइयों में वह दूसरे नंबर पर थे।

राजेपुर सीएचसी के चिकित्सक डॉ. बृजेश मिश्रा ने बताया कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही रामू बाबा की मौत हो चुकी थी, जबकि दूसरे घायल की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है और लोगों ने तेज रफ्तार भारी वाहनों पर नियंत्रण की मांग की है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार आए दिन हादसों का कारण बन रही है। यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में और भी गंभीर दुर्घटनाएं हो सकती हैं।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article