42.5 C
Lucknow
Wednesday, June 24, 2026

छत के रास्ते घुसे चोर, लाखों के जेवर समेटकर फरार; सोती रही पुलिस

Must read

 

फर्रुखाबाद। जनपद में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। कंपिल थाना क्षेत्र के मोहल्ला मांझ गांव पूर्व में बुधवार रात चोरों ने एक घर को निशाना बनाकर लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। हैरानी की बात यह रही कि परिवार के सदस्य घर में ही मौजूद थे, लेकिन बेखौफ चोर छत के रास्ते घर में दाखिल हुए और वारदात को अंजाम देकर आसानी से फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और पुलिस गश्त को लेकर लोगों में भारी नाराजगी है।

पीड़ित सतीश माथुर के अनुसार वह एक शादी समारोह से रात करीब दो बजे घर लौटे थे। परिवार के अन्य सदस्य घर में सो रहे थे। इसी दौरान चोर छत के रास्ते घर में घुस आए और उस बक्से को निशाना बनाया जिसमें शादी-विवाह के लिए रखे गए कीमती जेवरात सुरक्षित थे। चोरों ने बक्सा खंगालकर सोने की अंगूठी, मंगलसूत्र, ॐ पेंडल, मांगटीका, कुंडल, चांदी की पायल समेत अन्य आभूषण चोरी कर लिए। चोरी गए सामान की कीमत करीब तीन से चार लाख रुपये बताई जा रही है।

सुबह करीब पांच बजे जब परिवार के सदस्य नीचे आए तो मुख्य गेट खुला मिला और बक्सा टूटा पड़ा था। यह देखकर परिवार के होश उड़ गए। कुछ ही देर में चोरी की खबर पूरे मोहल्ले में फैल गई और लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से लोग असुरक्षित महसूस कर रहे हैं, लेकिन पुलिस की गश्त केवल कागजों तक सीमित नजर आती है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। थानाध्यक्ष नितिन कुमार ने बताया कि चोरी की सूचना प्राप्त हुई है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।

इस वारदात ने एक बार फिर क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों का कहना है कि यदि रात में प्रभावी पुलिस गश्त होती तो चोर इतनी आसानी से घर में घुसकर लाखों की चोरी नहीं कर पाते।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article