फर्रुखाबाद। मेरापुर थाना क्षेत्र के ग्राम मेरापुर के मजरा नगला खरैंना में मक्का सुखाने को लेकर चल रहे विवाद ने गुरुवार रात हिंसक रूप ले लिया। दबंगों द्वारा की गई मारपीट में 65 वर्षीय चमेली देवी पत्नी केदारपाल की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले केदारपाल ने सड़क किनारे पन्नी बिछाकर मक्का सुखाई थी। आरोप है कि गांव निवासी प्रमोद पाल ने ट्रैक्टर मक्का के ऊपर चढ़ा दिया, जिससे पन्नी फट गई। इसका विरोध करने पर प्रमोद और मुकेश ने केदारपाल के साथ मारपीट कर दी थी। उस समय दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया था।
बताया गया कि गुरुवार रात केदारपाल अपनी पत्नी चमेली देवी के साथ मक्का को बोरियों में भर रहे थे। इसी दौरान मुकेश पाल अपने कुछ साथियों के साथ वहां पहुंच गया और गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर आरोपियों ने चमेली देवी के साथ मारपीट कर दी। परिजनों का आरोप है कि पिटाई इतनी गंभीर थी कि चमेली देवी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 पुलिस और स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मृतका के भतीजे नरेंद्र पाल ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतका खेती-बाड़ी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करती थीं। उनकी मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुत्री रश्मि का रो-रोकर बुरा हाल है। थाना पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।


